कोखराज के चंदवारी गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक सवार ने वृद्ध मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज थाना क्षेत्र के भिखनापुर गांव का रामपाल (50) पुत्र कलेशर भूमिहीन मजदूर है। मनरेगा के तहत चंदवारी गांव में चल रहे कार्य में वह मजदूरी करने के लिए सोमवार सुबह गया था। दोपहर करीब बारह बजे वह पैदल घर लौट रहा था। चंदवारी गांव के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर की तड़प-तड़पकर मौत हो गई। वृद्ध को मृत देख बाइक सवार मौके से वाहन छोड़कर भाग निकला। हादसा देख आस-पास मौजूद गांव के अन्य लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।
आनन-फानन गांव वालों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बाइक के जरिए पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है। मजदूर की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।