कौशांबी थानाक्षेत्र के आधा दर्जन बालू घाटो पर हो रहे अवैध खनन को लेकर महकमा संजीदा नहीं दिख रहा है। दो बालू घाटों पर अवैध खनन का साक्ष्य मिलने के बाद भू-स्वामी की रिपोर्ट तहसील प्रशासन से मांगी गई थी। रिपोर्ट आने के पांच दिन बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी।
कौशांबी थाना क्षेत्र के कोषम पाली, सिंघवल, गौरए, गोपसहसा, बारंबारी सहित आधा दर्जन यमुना घाटों पर स्थानीय लोगों द्वारा बालू का अवैध खनन कराया जाता है। दस दिन पहले शिकायत मिलने पर खनन निरीक्षक ने कोषम पाली व सिंघवल यमुना घाट पर अवैध खनन की ताजी डंप बालू खेत में पकड़ा था।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से भू-स्वामी के बावत जानकारी चाही तो किसी ने बताना उचित नहीं समझा। मामले में कार्रवाई के लिए खनन निरीक्षक राज रंजन ने तहसील प्रशासन से भू-स्वामी के बावत रिपोर्ट तलब किया। तहसील प्रशासन ने खनन निरीक्षक को पांच दिन पहले दोनो गांवों की रिपोर्ट सौंप दी।
बावजूद इसके अवैध खनन करने वालों के खिलाफ विभागीय जिम्मेदार शिकंजा नहीं कस सके। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि अवैध खनन को लेकर विभागीय जिम्मेदार व स्थानीय पुलिस कितनी संजीदा है। खनन निरीक्षक का कहना है कि नए पट्टों की लिखापढ़ी के चलते व्यस्तता रही। शनिवार को मामले में कार्रवाई करा दी जाएगी।