सराय अकिल कस्बे में माह भर पहले पकड़े गए नकली सरसों तेल का सेवन करने वालों का स्वास्थ्य सुरक्षित नहीं है। इसके लगातार सेवन से व्यक्ति को पेट संबंधी गंभीर बीमारी हो सकती है। इसका खुलासा फोरेंसिक जांच को भेजे गए तेल के नमूने से हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अब कारोबारी के खिलाफ शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है।
सराय अकिल कस्बा नकली सरसों तेल बिक्री का गढ़ बन चुका है। बाजार में केमिकल से बनाए जाने वाले सरसों तेल से स्थानीय दुकानें, कोल्हू के अलावा गांव-गांव किराने की दुकानें पटी हुई हैं। पिछले दिनों एसडीएम चायल अश्वनी कुमार, सीओ रामभवन यादव ने स्थानीय पुलिस को लेकर एक गांजा कारोबारी के यहां दबिश दी थी। गांजा की तलाश करते समय उनके हाथ नकली सरसों तेल का स्टॉक लग गया। लगभग दो हजार लीटर नकली सरसों तेल के स्टॉक को एसडीएम ने सीज करते हुए कारोबारी को दबोच लिया।
थाने पर लिखापढ़ी करने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी को बुलाकर बरामद तेल का नमूना जांच के लिए भेजवाया गया। माह भर बाद आई रिपोर्ट में तेल के न केवल नकली होने की पुष्टि हुई बल्कि सेवन से संबंधित का जीवन पूरी तरह से असुरक्षित बताया गया। रिपोर्ट देखने के बाद जिले की खाद्य सुरक्षा टीम ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की संस्तुति खाद्य आयुक्त लखनऊ से मांगी है। संस्तुति आते ही आरोपी कारोबारी के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू हो जाएगा। मामले की भनक नकली सरसों तेल कारोबारी को हुई तो हड़कंप मच गया है।
नकली सरसो तेल के कई और हैं कारोबारी
सराय अकिल बाजार में नकली सरसों तेल का कारोबार पुराना है। बाजार के चंद कारोबारियों ने पूरे इलाके में नकली सरसों तेल का कारोबार फैला रखा है। वह नकली सरसों तेल को टीन में भरकर अच्छी कंपनियों के नकली रैपर लगाकर बाजार में बेंचते है। कंपनी का रैपर लगा होने की वजह से खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी इस पर हाथ नहीं डालते। इसका नकली तेल के कारोबारी खूब फायदा उठाते हैं। यही कारण
है कि कारोबारियों पर जल्दी से शिकंजा नहीं कस पाता।
जांच को नहीं भेजा गया बरामद केमिकल
नकली सरसों तेल गोदाम से चेकिंग के दौरान केमिकल भी बरामद हुआ था। बताते हैं कि इसी केमिकल के सहारे नकली सरसों का तेल तैयार किया जाता था लेकिन खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम अशोक यादव ने केमिकल को जांच के लिए नहीं भेजा था। इसके चलते यह पता लगा पाना मुश्किल हो गया है कि आखिर यह केमिकल कितना जहरीला है।
सरायअकिल में बरामद तेल की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आ गई है। मामले में कार्रवाई के लिए खाद्य आयुक्त लखनऊ को पत्र भेजा गया है। संस्तुति आने के बाद आरोपी कारोबारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
रामअशोक यादव, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी