पिपरी थाने के भोजपुर गांव में रविवार की शाम पानी बहाने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। कुछ देर बाद एक पक्ष के लोग दूसरे के दरवाजे पर असलहा लेकर चढ़ गए। दरवाजे पर जमकर हवाई फायरिंग करते हुए मारपीट की। इससे दो लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने मामले की तहरीर दी तो पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
भोजपुर निवासी बुल्ला पुत्र रामभजन के घर का पानी बारिश के दौरान गांव के कामता प्रसाद की आम की बाग से होकर बहता चला आ रहा है। रविवार की शाम छह बजे कामता का लड़का मनोज अपने साथी बबलू के साथ बाग में पहुंचा और पानी के बहाव को रोक दिया।
इसे लेकर बुल्ला और मनोज में धक्कामुक्की हो गई। घटना के बाद घर पहुंचे मनोज ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो वह आक्रोशित हो गए। परिजन रात लगभग आठ बजे असलहा लेकर बुल्ला के घर पर पहुंचे और पानी बहाने वाले बुल्ला समेत गिरधारी, अमृतलाल, मसुरियादीन के घर पर हवाई फायरिंग करते हुए जमकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर राम कैलाश और शैलेश को मारा-पीटा। पीड़ित परिवार ने सोमवार को घटना की तहरीर पिपरी पुलिस को दी। तहरीर लेकर पिपरी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले में थानाध्यक्ष भाष्कर मिश्र का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।