सिराथू (कौशाम्बी)। सैनी इलाके में बृहस्पतिवार की रात कातिलों ने एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्यारों ने युवक का गुप्तांग भी काट दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद रक्तरंजित लाश रामपुरधमांवा गांव के बाहर एक महुआ की बाग में फेंक कर भाग निकले हैं। शुक्रवार की सुबह लाश मिली तो इलाके में सनसनी फैल गई। चौकीदार की सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
धाता-सिराथू मार्ग पर रामपुर धमावां गांव के समीप शुक्रवार की सुबह भैरों बाबा मंदिर के पीछे महुआ की बाग में एक युवक की रक्तरंजित लाश पड़ी मिली। खेत की ओर गए गांव के लोग शव देख सन्न रह गए। शव मिलने की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ की जमा हो गई। कातिलों ने युवक का गला रेत मौत के घाट उतारने का बाद उसका गुप्तांग भी काट दिया था। लोगों को आशंका है कि आशानाई के चक्कर में युवक का बेरहमी से कत्ल किया गया है।
गांव के चौकीदार अजय कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। हत्या की खबर लगते ही सैनी कोतवाल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे। पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया पर सफलता नहीं मिल सकी। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में सैनी कोतवाल समीर सिंह ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। आशनाई के चक्कर में कत्ल किया जाना प्रतीत हो रहा है। शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सच्चाई सामने आएगी। पुलिस घटना की तहकीकात कर रही है।