महेवा घाट इलाके के कुम्हियावां गांव के समीप मंगलवार की रात नहर में एक युवक की रक्तरंजित लाश उतराई मिली। खेत की ओर जा रहे गांव वाले शव देखकर सन्न रह गए। करीब घंटे भर तक सीमा विवाद में महेवाघाट और पश्चिमशरीरा पुलिस उलझी रही। आखिर में महेवाघाट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मारे गए युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। चर्चा है कि युवक आसपास के किसी जनपद का है, जिसकी हत्या करके शव को नहर में फेंका गया है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के कुम्हियावां गांव के समीप से किशुनपुर पंप कैनाल से निकली नहर गुजरी है। मंगलवार की रात इसी नहर में कुम्हियांवा गांव के समीप ग्रामीणों ने एक युवक की रक्तरंजित लाश उतराई देखी। खेत की ओर जा रहे गांववाले लाश देखकर सन्न रह गए। सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गांववालों ने घटना की जानकारी महेवाघाट थाने को दी। मौके पर आई महेवाघाट पुलिस ने घटना स्थल को पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र का बताया तो वहां पश्चिमशरीरा पुलिस आई। इसके बाद दोनों थाने की पुलिस सीमा विवाद में घंटेभर तक उलझी रही। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप पर शव को महेवाघाट पुलिस ने गांववालों की मदद से नहर से बाहर निकाला और शिनाख्त कराने की कोशिश की। पर, कोई भी व्यक्ति मृतक की पहचान नहीं कर सका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोगों का कयास है कि युवक आसपास के किसी जिले का रहने वाला हो सकता है। इसकी हत्या करके शव को यहां लाकर नहर में फेंककर ठिकाने लगाने की कोशिश की गई है। एसओ महेवाघाट उमाशंकर यादव ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद घटना का खुलासा हो जाएगा।