कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कशिया पश्चिम गांव में बुधवार रात घर के भीतर सो रहे एक युवक की बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। उसकी मां को भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर शव रखकर करीब आधे घंटे तक जाम लगाए रखा। वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग की बात सामने आ रही है।
कशिया पश्चिम गांव निवासी बृजेन्द्र कुमार (22) पुत्र सोनेलाल दिल्ली में रहकर किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। 31 जुलाई को ही वह घर
लौटा था। बुधवार रात बरामदे में सो रहा था। बगल में ही मां रूपरानी भी लेटी थी। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे गांव में रहते हैं। रात को दीवार फांदकर भीतर घुसे बदमाशों ने बृजेन्द्र की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। मां रूपरानी को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। रूपरानी अचेत हो गई तो बदमाश उसे मरा समझकर फरार हो गए। सुबह मृतक के चचेरे भाई जलंधर ने अपनी छत से झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए।
पुलिस ने घायल रूपरानी को मूरतगंज पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे एसआरएन इलाहाबाद रेफर कर दिया। इस बीच गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने मुख्य चौराहे पर मृतक का शव रखकर कानपुर-इलाहाबाद हाईवे जाम कर दिया। इसकी भनक लगते ही आईजी रमित शर्मा, एसपी प्रदीप गुप्ता कई थानों की फोर्स और फील्ड यूनिट टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अफसरों ने घटना के जल्द खुलासे का आश्वासन देकर मार्ग बहाल कराया। मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर हत्यारों की तलाश कराई जा रही है। एसओजी को भी लगा दिया गया है। वारदात के पीछे आशनाई की बात सामने आ रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
प्रदीप गुप्ता-एसपी