पूरामुफ्ती के तहमीद हत्याकांड की गुत्थी उलझ गई है। युवक की हत्या के पीछे डेढ़ लाख रुपये, प्रेम या फिर जुआरियों की साजिश हो सकती है। घटनास्थल से 100 कदम की दूरी पर जुआरियों का जमघट रोजाना लगता है। पुलिस घटना की तहकीकात इन्हीं पहलुओं पर कर रही है। हालांकि अभी पुलिस अफसर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
पिपरी के मखऊपुर गांव का रहने वाला तहमीद अहमद (22) पुत्र वसीफ की हत्या ने अपने पीछे कई चौंकाने वाले सवाल छोड़े है। मौसा के घर जाने के बाद बृहस्पतिवार की शाम बाइक घर पर खड़ी करके वह अचानक लापता हो गया था। इसके बाद उसकी लाश शनिवार की सुबह चचेरे मौसा के सेफ्टी टैंक में पड़ी मिली। गला घोंटकर मौत के घाट उतारने के बाद कातिलों ने जिस अंदाज में शव को बोरे में भरकर फेंका था। इससे साफ लग रहा था कि आस-पास ही युवक की हत्या की गई है। अपराध छिपाने के लिए शव को सेफ्टी टैंक में डाला गया था, ताकि किसी को कानों-कान खबर न लग सके। हत्या की वजह डेढ़ लाख रुपये के साथ प्रेम प्रपंच हो सकती है। हालांकि पुलिस मामले को कई पहलुओं से जोड़कर चल रही है।
रिश्तेदारों की खामोशी में छिपा राज
तहमीद हत्याकांड का रहस्य रिश्तेदारों की खामोशी में छिपा हुआ है। रिश्तेदारों की खामोशी टूटने के बाद कई क्लू पुलिस के हाथ लग सकते हैं। मृतक के परिजनों का शक पुलिस को घटना की तह तक पहुंचा सकता है। हालांकि पुलिस अभी मामले को कई नजरिए से देख रही है।
किस लिए रुपया लेकर घर से निकला था युवक
पिपरी के मखऊपुर गांव का तहमीद अहमद घर से इतनी बड़ी रकम लेकर किस लिए निकला था। मौसा के घर जाने के बाद वह रकम रख कर निकला या फिर उसके साथ थी। मृतक के परिजन भी इस बावत कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं।
मृतक की मोबाइल कॉल डिटेल खोल सकती है राज
तहमीद अहमद पैसे के साथ दो मोबाइल लेकर घर से निकला था। एक मोबाइल मौसा के घर मिला और जबकि दूसरा गायब है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल कत्ल के रहस्य का पर्दाफाश कर सकती है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर से लापता होने से पहले तहमीद से किस-किस ने बात की थी और बात के दौरान उसकी लोकेशन क्या थी।
युवती समेत दो को पुलिस ने उठाया
तहमीद हत्याकांड में नामजद युवती के साथ एक युवक को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है, जबकि घटना का मुख्य आरोपी मोहम्मद तारिक शव मिलने के बाद से फरार है। युवक के फरारी के बाद से पुलिस का शक बढ़ता जा रहा है। कहीं न कहीं युवक के कत्ल के पीछे अपनों का हाथ हो सकता है।