मंझनपुर (ब्यूरो)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को जलाकर मार डालने की कोशिश की। झुलसने के बाद दो दिन बाद उसे अस्पताल ले गए। मायकेवालों से इलाज के लिए पैसा मांगने के साथ शिकायत करने पर धमकी भी दी। भुक्तभोगी मायकेवालों ने बृहस्पतिवार को एसपी से शिकायत करते हुए घटना की जांच और कार्रवाई की मांग की।
कोखराज थाना क्षेत्र के सिंघिया गांव के नींबूलाल ने बताया कि 4 साल पहले उसकी बहन सुमन की शादी बलीपुर टाटा (चरवा) के वीरनलाल पुत्र कल्लू से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। इसके लिए पति, सास, ससुर आदि परिवार के लोग सुमन को प्रताड़ित भी करते रहते हैं। गरीबी के कारण जब मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं की जा सकी तो 12 जुलाई की रात ससुरालियों ने सुमन की बेरहमी से पिटाई की। पीटने के बाद मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा दी।
चीखें सुनकर गांववालों ने उसकी जान बचाई। झुलसने के बाद भी दो दिनों तक ससुरालवालों ने उसका इलाज नहीं कराया। तबीयत बिगड़ने और ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया तो फोन कर मायकेवालों से इलाज के लिए पैसे मांगे। सुमन के जलने की खबर लगते ही मायकेवाले जब अस्पताल पहुंचे तो उन्हें घटना की शिकायत कहीं भी नहीं करने की धमकी दी और ससुराल के सभी लोग विवाहिता को अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर चले गए। बृहस्पतिवार को झुलसी हालत में विवाहिता को लेकर मायकेवाले सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे और घटना की सारी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ चरवा को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया।