चरवा इलाके के एक तड़ीपार बदमाश ने शनिवार की शाम खेत गई विवाहिता के साथ दरिंदगी की। तमंचे की नोक पर विवाहिता को अगवा करके घर ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। जबरदस्ती करने के बाद युवती को जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया। नाजुक दशा में विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा दुष्कर्म का मामला न दर्ज कर दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज करने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तमतमाए ग्रामीणों ने मंझनपुर आकर एसपी कार्यालय का घेराव किया। एसपी ने भरोसा दिया है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चरवा कोतवाली क्षेत्र केएक गांव की रहने वाली विवाहिता शनिवार की शाम करीब सात बजे खेत की ओर गई थी। उसने बताया कि तभी वहां गांव का रहने वाला शातिर बदमाश कुलदीप आ गया। तड़ीपार रह चुके इस बदमाश ने तमंचा दिखाकर उसे अगवा करके अपने घर उठा ले आया और उसके साथ मनमानी की। इसके बाद उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे धकेल दिया। उधर, विवाहिता के देर रात तक घर नहीं लौटने पर घरवाले उसकी खोजबीन में जुटे। इसी दौरान खून से लथपथ विवाहिता कुलदीप के घर के पास मिली। यह देख घरवाले और ग्रामीणों के होश उड़ गए। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी चरवा कोतवाली पुलिस को दी।
साथ ही विवाहिता को लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं देर रात पुलिस ने पीड़िता के पति की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा दुष्कर्म का मामला न दर्ज कर रेप की आशंका की धारा में मुकदमा दर्ज करने पर रविवार की सुबह गांववालों को गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। एसपी ने भरोसा दिलाया कि पीड़िता के बयान और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में जो सच्चाई सामने आएगी। आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी। उधर, रिपोर्ट लिखने के बाद पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ को दबिश भी दी, लेकिन वह घर से फरार है।