भरवारी (कौशाम्बी)। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के चकचमरूपुर गांव के समीप शनिवार की सुबह एक विवाहिता ने ट्रेन के सामने छलांग लगा जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि मृतका की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। इसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। विवाहिता की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।
पिपरी थाना क्षेत्र के कसेदा गांव ब्याही बब्ली देवी (35) पत्नी लक्ष्मण दो दिन पहले मायके कोखराज के चकसमरूपुर गांव आई थी। बताया जा रहा है कि इधर कुछ दिनों से उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। शनिवार की सुबह विवाहिता गांव के समीप से गुजरी रेलवे लाइन पर पहुंची और ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे विवाहिता के चीथड़े उड़ गए।
खेत की ओर गए लोग शव देख घटना की जानकारी पुलिस को दी। शव मिलने की खबर लगते ही मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने के बाद घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को दी। रोते बिलखते घर वाले घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मौत से ससुरालियों और मायके वालों में कोहराम मचा है।