मंझनपुर।
संदिग्धदशा में रविवार को भक्तन का पुरवा गांव की एक विवाहिता की मौत हो
गई। दोपहर घर के भीतर ही फंदे से उसकी लाश लटकती मिली। चर्चा है कि घरेलू
कलह से आजिज आकर विवाहिता ने खुदकुशी की है। हालांकि परिजन दिमागी हालत ठीक
नहीं रहने के कारण घटना होना बता रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए
भेज दिया है। मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
मंझनपुर कोतवाली
क्षेत्र के भक्तन का पुरवा गांव निवासी बच्चालाल मजदूरी करता है। रविवार
की सुबह वह पड़ोसी गांव में मजदूरी करने गया था। घर पर उसकी पत्नी गीता
देवी (35) तीन बच्चों के साथ मौजूद थी। बाहर खेल रहे बच्चे दिन में करीब 11
बजे जब घर पहुंचे, तो विवाहिता की लाश छत के चुल्ले पर रस्सी से लटक रही
थी। यह देख बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के लोग
दौड़े।
भीतर का मंजर देख गांववालों के भी होश उड़ गए। लोगों ने घटना की
जानकारी मृतका के पति के साथ इलाकाई पुलिस को दी। गांव पहुंची पुलिस ने
ग्रामीणों की मदद से शव फंदे से नीचे उतरवाया। छानबीन के बाद उसे
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में चर्चा है कि विवाहिता ने घरेलू कलह
से आजिज आकर आत्मघाती कदम उठाया है जबकि मृतका के पति ने बताया कि विवाहिता
की कई महीनों से दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। इससे पहले भी वह कई बार
जान देने की कोशिश कर चुकी थी। फिलहाल विवाहिता की मौत से परिवार में
कोहराम मचा है। कोतवाली प्रभारी रज्जनलाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट
और जांच के बाद ही घटना की असलियत पता चलेगी।