कस्बे के किंग नगर मोहल्ले में बुधवार की रात बेखौफ चोर किराने की दुकान खंगाल ले गए। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। बिखरा सामान देख भुक्तभोगी के होश उड़ गए। किराने की दुकान में चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
करारी कस्बे के किंगनगर मोहल्ला निवासी अकिल अहमद ने मोहल्ले में ही किराने की दुकान खोल रखी है। बुधवार की रात वह दुकान बंद करके घर चला गया। रात शटर का ताला तोड़ चोरों ने दुकान में रखी पांच हजार की नगदी के साथ घी, सरसों का तेल, चीनी, बेसन, मैदा आदि करीब 70 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी भुक्तभोगी दुकानदार को सुबह दुकान पहुंचने पर हुई। किराने की दुकान में चोरी की भनक लगते ही आस-पास के दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद दुकानदार से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। कस्बे के व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की प्रभावी गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद है।