चायल। पूरामुफ्ती के गोविंदपुर तेवारा गांव में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों ने डीजे की दुकान को खुलवाकर संचालक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। संचालक को जख्मी करने के बाद बदमाश डीजे मशीन, स्टेबलाइजर और मिक्सर उठा ले गए। मामले की तहरीर पूरामुफ्ती पुलिस को दी गई है।
गोविंदपुर तेवारा गांव निवासी सुभाष चंद्र सरोज ने डीजे की दुकान खोल रखी है। रात को वह दुकान में ही सोता है। गुरुवार की रात करीब दस बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे और शटर पीट कर दुकान खुलवाई। सुभाष ने जैसे ही दुकान खोला तभी एक युवक ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में सुभाष जख्मी होकर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश दुकान में रखा कीमती समान उठा ले गए। विरोध करने पर सुभाष को जान से मारने की धमकी दी गई। बदमाशों के जाने पर सुभाष ने शोर मचाया तो मोहल्ले वाले पहुंचे। रात को ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस तहरीर लेकर घटना की छानबीन में जुट गई है।