सैनी के मधवामई निवासी उमेश पांडेय की शनिवार की रात राजस्थान के रामनगर में हत्या कर दी गई। सात साल से अधेड़ वहां सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। रात ड्यूटी के दौरान सिर पर लोहे की राड मार कर उसे मौत के घाट उतारा गया। अधेड़ के मौत की खबर गांव आई तो कोहराम मच गया।
सैनी कोतवाली के मधवामई निवासी उमेश पांडेय (56) पुत्र द्वारिका प्रसाद सात साल से राजस्थान के रामनगर में रहकर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात करीब नौ बजे वह दुकान पहुंचा। इसी दौरान बदमाशों ने लोहे की रॉड से पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। देर रात अधेड़ के हत्या की खबर रिश्तेदारों को हुई तो उन लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को नात रिश्तेदारों के साथ घर वालों ने राजस्थान में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। अधेड़ की मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
मधवामई गांव का उमेश पांडेय के पांच बेटे और एक बेटी है। बड़े बेटे आनंद की शादी हो चुकी है। बेटी सुनीता की शादी धूमधाम से हो इसके लिए वह राजस्थान कमाई करने के लिए गया था। उमेश की मौत के बाद से बेटी के साथ पत्नी उमा देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है।