पुरानी रंजिश में शनिवार की शाम भरवारी कस्बे में दबंग युवकों ने पड़ोसी के घर जमकर उत्पात मचाया। घर में घुसकर तोड़-फोड़ की। विरोध करने पर महिला और उसकी बेटी को पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार पर मोहल्ले के लोगों के दौड़ने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घायल मां, बेटी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी बनी है।
कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे की रहने वाली अमीना बेगम पत्नी वाहिद अली की पड़ोसी से पुरानी रंजिश चल रही है। शनिवार की शाम पति बाजार गया था। घर में वह अपनी बेटी के साथ थी। तभी इसी पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसी ने साथियाें के साथ उसके घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे लेकर आए हमलावरों ने घर में घुसते ही तोड़-फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर अमीना और उसकी बेटी को पीटकर लहूलुहान कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर धमकियां देते हुए भाग निकले।
उधर, घर में हमला और मारपीट की सूचना पर इलाकाई पुलिस पहुंची। पुलिस ने घायल महिला और उसकी बेटी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ले के ही रहने वाले पांच हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि जमीन को लेकर पुरानी रंजिश में मारपीट की घटना हुई है। हमलावरों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। वहीं दबंगों के हमले के बाद से पीड़ित परिवार सहमा हुआ है। घटना को लेकर दोनों परिवारों में तनातनी भी बनी हुई है।