चायल (ब्यूरो)। बेखौफ चोरों ने शनिवार की रात असरापुर गांव के एक बंद मकान का ताला तोड़कर गहनेे, बर्तन, कपड़े समेत लाखों का माल पार कर दिया। घटना के समय भुक्तभोगी का पूरा परिवार बगल में बने नए घर में सो रहा था। सुबह ताला टूटा और कीमती सामान गायब देख घरवालों के होश उड़ गए।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के असरा गांव निवासी ज्ञानचंद्र पुत्र संपतलाल बड़े काश्तकार हैं। सालभर पहले ही उन्होंने गांव में ही एक और मकान बनवाया है। रात में पूरा परिवार की इसी नए मकान में सोता है जबकि गृहस्थी का सारा सामान पुराने घर में है। शनिवार की रात भी खाना खाकर परिवार के सभी सदस्य नए मकान में सोने चले गए थे। रात में पुराने मकान का ताला तोड़कर चोर वहां से 15 हजार रुपये, गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब 2 से ढाई लाख रुपये का सामान उठा ले गए। सुबह जब घर की महिलाएं सोकर कामकाज के लिए पुराने घर में पहुंची, तो मकान का ताला टूटा देख सन्न रह गई। भीतर जाने पर कमरों में बिखरा सामान और कीमती सामान गायब देख महिलाएं चीखने-चिल्लाने लगी। चीख-पुकार पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गांववाले भी दौड़े।
घर में चोरी होने से गांववाले भी अवाक रह गए। उधर, खोजबीन के दौरान घर से चोरी गई संदूक सुबह गांव के बाहर अमरूद और केले की बाग में फेंके मिले। सूचना पर आई पुलिस ने मौका मुआयना किया। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट लिख ली है। एसओ ने बताया कि स्थानीय बदमाशों की यह हरकत प्रतीत हो रही है। खोजबीन करके चोरों का पता लगाने की कोशिश जारी है। वहीं गांव में हुई चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत है। बता दें कि महीने भर से जिले में चोरी की घटनाएं आए दिन हो रही है। इसे लेकर लोग परेशान भी हैं। पर, अब तक पुलिस एक भी घटना की खुलासा नही कर सकी है।