करारी इलाके की एक नवविवाहिता की ससुर ने ही इज्जत लूट ली। घटना के वक्त युवती का पति घर में नहीं था। उसको पिता ने पड़ोसी की बारात में भेज दिया था। सास से शिकायत की तो उसने लोकलाज की दुहाई देकर चुप करा दिया। यही उसके लिए अभिशाप बन गया। इसका फायदा उठाकर ससुर ने कई बार उसका शोषण किया। शुक्रवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई। एसपी ने करारी पुलिस को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने निर्देश दिया है।
करारी कोतवाली के एक गांव की युवती की शादी साल भर पहले पड़ोसी गांव में हुई थी। बताया कि पांच जुलाई को वह विदा होकर ससुराल गई। शाम को ससुर ने उसके पति को पड़ोसी युवक की बारात में शामिल होने के लिए भेज दिया। इसके बाद वह रात में उसके कमरे में पहुंचा और अपनी हवस का शिकार बना डाला। घूंघट में दरिंदगी का शिकार हुई विवाहिता ने ससुर की करतूत सास को बताई तो उसे लोकलाज की बात कहकर चुप करा दिया।
परिजनों के विरोध नहीं करने पर ससुर आए दिन उसे धमकी देते हुए हवस का शिकार बनाता रहा। नव विवाहिता साल भर ससुर का सितम सहती रही। विवाहिता ने आपबीती मायके वालों को बताई तो दोनों परिवारों के बीच समझौता भी हुआ पर ससुर हरकतों से बाज नहीं आया। विवाहिता ने पति के साथ रहने की जिद की तो उसे पीटने के बाद मायके भेज दिया गया। शुक्रवार को पिता के साथ मंझनपुर पहुंची विवाहिता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र ने करारी एसओ को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।