मंझनपुर/कड़ा (कौशाम्बी)। जमीन संबंधी विवाद को लेकर सोमवार रात सैनी के रौजे सैफ खां (कमालपुर) गांव में जमकर बवाल हुआ। आधी रात दर्जन भर से ज्यादा लोगों ने सड़क किनारे बने दूसरे समुदाय के मकानों पर हमला कर दिया। आरोप है कि घर में तोड़फोड़ के साथ आग लगा दी गई। चीख-पुकार और मकान से उठती लपटें देख गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर फोर्स और दमकल लेकर एएसपी, सीओ गांव पहुंचे और घटना की जांच की।
पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं तनातनी के मद्देनजर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। एएसपी ओपी पांडेय ने बताया कि जमीन को लेकर विवाद हुआ है। उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के रौजे सैफ खां (कमालपुर) गांव निवासी संगमलाल ने बताया कि करीब 20 बरस से सड़क किनारे वे और 5 अन्य ग्रामीण अपनी जमीन पर मकान बनाकर रह रहे हैं। मकान के पीछे की जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से मनमुटाव है।
इसी को लेकर सोमवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि दोपहर हुए झगड़े को लेकर ही रात करीब 11 बजे दूसरे पक्ष के 10-12 लोगों ने संगमलाल और उसके पड़ोसियों के यहां हमला कर दिया। आते ही हमलावरों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। साथ ही छप्पर और घर के सामने रखे पुआल के ढेर में आग लगा दी। चीख-पुकार और लपटें उठती देख गांव में हड़कंप मच गया। साथ ही अनहोनी की आशंका से भयभीत ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सैनी पुलिस को दी।
बवाल की सूचना लगते ही सीओ, एसओ फोर्स और दमकल लेकर पहुंचे। पुलिस को देख उपद्रवी भाग निकले। वहीं रात में ही एएसपी, एसडीएम सिराथू भी गांव पहुंचे और घटना की जानकारी दी। एएसपी ओपी पांडेय ने बताया कि जमीन कब्जे को लेकर विवाद में यह घटना हुई है। भुक्तभोगी संगमलाल की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उपद्रवियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में घटना के बाद तनातनी के मद्देनजर पीएसी तैनात कर दी गई है।