फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंधाधुंध फायरिंग से दहला मनौरी

Sat, 28 Feb 2015 12:53 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
मंझनपुर। लूटपाट की नीयत से बृहस्पतिवार की रात आए नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों की तकीगंज (मनौरी) के ग्रामीणों से मुठभेड़ हो गई। करीब दो तरफ से घंटेभर तक गोलियां दागी गईं। बेखौफ बदमाश तब भागे, जब मौके पर पुलिस पहुंची। हालांकि भागते समय भी पुलिस के सामने भी बदमाश फायरिंग करते रहे। घटना से पूरे इलाके में दहशत है। पर, एसओ पुरामुफ्ती ने घटना की जानकारी से ही इंकार किया है। जबकि सीओ चायल आलोक कुमार ने बताया कि लूटपाट की नीयत से आए बदमाशों ने फायरिंग की है। इनकी तलाश की जा रही है।
विज्ञापन


पुरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मनौरी गांव का एक पुरवा है तकीगंज। यहां का रहने वाले जवाहरलाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे वह खेत की ओर जा रहा था। तभी उसे गांव के बाहर 10-12 नकाबपोश असलहाधारी युवक खड़े दिखे। वह चुपचाप गांव लौटा और ग्रामीणों को इसकी जानकार दी। गांव के बाहर बदमाशों की मौजूदगी से ग्रामीण दहल गए। गांववालों ने भी अपनी लाइसेंसी बंदूके निकाली और बदमाशों को ललकारते हुए बाहर निकले। ग्रामीण बताते हैं कि ललकारने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

गांववालों ने भी गोलियां दागी। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। इधर, करीब घंटेभर तक दोनों तरफ से फायरिंग होती रही। लोग बताते हैं कि पुलिस के आने पर बदमाश फायरिंग करते हुए अंधेरे में भाग निकले। उनकी तलाश में रातभर पुलिस काम्बिंग करती रही, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। उधर, मामले में एसओ पुरामुफ्ती रामेंद्र तिवारी ने ऐसी किसी भी घटना की जानकारी से ही इंकार किया है। वहीं सीओ चायल आलोक कुमार ने बताय कि रात में ही सूचना मिलने पर वे गांव गए थे। हालांकि तब तक बदमाश भाग चुके थे। बदमाशों की तलाश की जा रही है। सीओ के मुताबिक मनौरी के समीप मर्दानपुर गांव है। वहां से बृहस्पतिवार को युवक की बारात गई थी। संभव है कि गांव खाली जानकर बदमाश वहीं लूट की नीयत से आए रहे हों।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें