मवई गांव के समीप टूटे जर्जर हाईटेंशन तार को पोल पर चढ़कर बांधते समय करंट की चपेट में आने से प्राइवेट लाइनमैन झुलस गया। लाइनमैन को घरवालों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत नाजुक देख डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। बता दें कि महेवाघाट के मवई गांव में सोमवार की सुबह हाईटेंशन लाइन की तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया था। इससे पूरे गांव में हाईवोल्टेज बिजली सप्लाई हो गई थी। गांव करंट की चपेट में आने से तीन लोग झुलस गए थे। साथ ही दर्जनभर घरों की वायरिंग, बिजली के उपकरण जल गए थे।
मंगलवार को बिजली लाइन के टूटे तार को जोड़ने के लिए शाहपुर सबस्टेशन के संविदा कर्मी वीरेन्द्र कुमार (22) पुत्र शुकरू लाल पोल पर चढ़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही खंभे पर चढ़कर वह फ्यूज जोड़ रहा था। तभी हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से वह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। लोगों ने हादसे की जानकारी लाइनमैन के घरवालों को दी। साथ ही उसे स्थानीय अस्पताल लेकर गए। जहां झुलसे लाइनमैन की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। बता दें कि सोमवार को भी हुए हादसे में रोशनी (14) उसका बड़ा भाई रिंकू (20) और गांव का एक अन्य युवक मंगल (26) झुलस गया था। इन तीनों की भी हालत नाजुक बनी हुई है।