कानपुर में ट्रैक्टर ट्राली का समान खरीदने जा रहा चित्रकूट जिले का कारोबारी जिले में टप्पेबाजी का शिकार हो गया। बाइक सवार दो लोगों ने बातचीत के दौरान व्यापारी का छह लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घटना की छानबीन शुरु कर दी है।
चित्रकूट जिले के छोटे सिंह ने कर्वी में आशीष कृषि यंत्र के नाम से ट्राली बनाने की फर्म खोल रखी है। बीते दिनों छोटे सिंह से सुरेश यादव और रामलोटन नाम के दो शख्स मिले। उन्होने बताया कि उनकी फर्म का काम कौशाम्बी के नेशनल हाईवे पर चल रहा है। इसके लिए उन्हे छह ट्राली खरीदनी है। इसके बाद छोटे की कई बार कथित नाम वाले लोगों से मुलाकात हुई। मंगलवार की शाम छोटे सिंह अपनी बोलेरो से कानपुर जा रहे थे।
वह शाम करीब छह बजे महेवाघाट थाने के मवई मोड़ के समीप पहुंचे ही थे कि एक बाइक पर कथित रामलौटन सुरेश आते दिखे। इस पर उन्होंने बोलेरो रोक कर बातचीत करनी शुरू कर दी। इसके बाद उन्ही लोगों के दो और परिचित दूसरी बाइक से वहां पहुंचे। इस दौरान छोटे, रामलौटन व सुरेश से बात करते-करते गाड़ी से नीचे उतर आए। इसके बाद सभी लोग चले गए।
कुछ आगे चलने पर छोटे ने देखा कि गियर के पास रखा उनका बैग गायब है तो उनके होश उड़ गए। उन्होने वापस आकर पूछताछ की पर कथित सुरेश आदि का पता नहीं चल सका। उनके मोबाइल नंबर भी बंद थे। मामले की सूचना पर महेवाघाट पुलिस ने रामलौटन और सुरेश यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने हाईवे पर पड़ने वाले सैनी, कोखराज थाने से संपर्क किया तो पता चला कि कहीं पर भी नेशनल हाईवे का काम नहीं चल रहा है।