महेवाघाट(कौशाम्बी)। कौशाम्बी में सोमवार रात एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। महेवाघाट यमुना पुल पर मंगलवार सुबह करीब 40 वर्षीय एक विवाहिता की निर्वस्त्र सिरकटी लाश लोगों को मिली। हत्यारे संभवत: दूसरी जगह हत्या करके शव को नदी में फेंकने के लिए लाए थे। सूचना पर पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन लाश की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव के निर्वस्त्र पाए जाने से लोगों में दुराचार के बाद हत्या किए जाने की चर्चा रही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
बताया जाता है कि वारदात हो अंजाम देने के बाद सिर कटी लाश को नग्नावस्था में यमुना पुल पर फेंक कर आरोपी भाग निकले। मंगलवार सुबह यमुना पुल पर विवाहिता की नग्नावस्था में सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी महेवाघाट और राजापुर कोतवाली पुलिस को दी। महेवाघाट और राजापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। विवाहिता के कत्ल की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सीओ सिटी के साथ घटनास्थल पहुंचे। लोगों का अनुमान है कि रात में विवाहिता के साथ दुराचार और मौत के घाट उतारने के बाद शव को नदी में फेंकने के लिए कातिल लाए थे।
महेवाघाट कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने बताया कि एक विवाहिता की सिरकटी लाश यमुना पुल पर मिली है। विवाहिता कहां की और कौन है इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया दुराचार का मामला नहीं लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।