कड़ा कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में रहने वाले एक युवक से विदेश भेजने के नाम पर जालसाज ने करीब एक लाख रुपया ठग लिया। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गिरधरपुर निवासी शेर मोहम्मद ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात सैनी इलाके के शरीफाबाद में रहने वाले अभिषेक से हुई। पीड़ित की मानें तो अभिषेक ने उसे सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। इसके बाद एक लाख रुपया लेकर फर्जी पासपोर्ट थमा दिया। पखवाड़े भर पहले दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर पीड़ित को ठगे जाने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़िता का कहना है कि घर लौटने पर आरोपी पैसे वापस करने की बात करने लगा। दो-चार दिन वो आज-कल करके मामले को टरका रहा था। इसके बाद रुपया मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देने लगा। इससे परेशान पीड़ित ने दो दिन पहले मामले की शिकायत एसपी से कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर शनिवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।