नयापूरा स्थित सूपर स्क्रैप कंपनी लगी आग को बुझाता युवक
- फोटो : kaushambi
मुख्यालय से सटे भक्तन का पूरा गांव स्थित एक कबाड़ गोदाम में रविवार रात शार्ट-सर्किट से भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आने से तकरीबन 28 लाख रुपये का माल जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां सोमवार शाम तक आग पर काबू नहीं पा सकीं। तहसील प्रशासन घटना की जांच कर रहा है।
भक्तन का पूरा निवासी महनूर हैदर कबाड़ खरीदने और बेचने का थोक काम करते हैं। गांव में ही उन्होंने कबाड़ की गोदाम बना रखी है। इसमें तकरीबन 20 मजदूर काम करते हैं। रविवार रात सभी घर चले गए थे। इस दौरान शार्ट-सर्किट से गोदाम में आग लग गई। भीषण आग की लपट और धुएं का गुबार देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आननफानन सूचना फायर स्टेशन मंझनपुर को दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड मंझनपुर की गाड़ी आग बुझाने में कामयाब नहीं हुई तो पश्चिमशरीरा व सैनी से तीन अन्य गाड़ियां बुलाई गईं। सुबह 10 बजे तक अग्निशमन कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश करते रहे।
लपटों पर काबू पाने के बाद वे लौट गए। कर्मचारियों ने बताया कि सोमवार शाम तक पूरी तरह आग बुझ नहीं सकी। बीच-बीच से धुआं निकल रहा था। आसपास लगे सबमर्सिबल से कर्मचारी इसपर काबू पाने की कोशिश करते रहे। आग से करीब 28 लाख रुपया कीमत का कबाड़ जलकर राख हो गया है। एक प्रेशर मशीन, टीन शेड तथा ट्रांसफार्मर भी जल गया। मामले में मंझनपुर एसडीएम सतीश चंद्र का कहना है कि घटना की जांच के निर्देश कानून गो को दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।