पश्चिमशरीरा का बहवा का पूरा (बरैसा ) गांव में रविवार की दोपहर अचानक आग लग गई। इससे छह घरों की गृहस्थी राख हो गई। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। चपेट में आने से एक दर्जन बकरियां भी जिंदा जल गई हैं। आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल भेजे गए। चार घंटे तक दमकल कर्मी ग्रामीणों के साथ जूझते रहे, तब जाकर आग बुझी। अगलगी से पीड़ित परिवार के लोग दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं।
सदर तहसील क्षेत्र के बहुआ का पूरा (बरैसा) गांव निवासी जगदेव, बासुदेव, राजदेव पुत्र सुंदर लाल, छेदी लाल पुत्र खेलावन , बाबूलाल पुत्र ननका, देवपत पुत्र साहबदीन रविवार को घरों में ताला लगाकर धान की कटाई करने के लिए परिवार के साथ खेत गए थे। दोपहर करीब 12 बजे जगदेव के घर में आग लग गई। पल भर में आग ने सभी घरों को आगोश में ले लिया। आग लगने से गांव में अफरा तफरी मच गई। लपटों को देख खेतों में काम कर रहे लोग बाल्टी-डिब्बा लेकर मौके पर पहुंचे। सूचना दमकल कर्मियाें को दी गई। मौके पर दो दमकल भेजे गए। देखते ही देख आग की चपेट में आने से के आधा दर्जन घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। वही घरों के बाहर बंधी एक दर्जन बकरियां भी जिंदा जल मरी। ग्रामीणों के साथ दमकल कर्मी चार घंटे तक आग बुझाने में परेशान रहे। घटना से पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
गांव नहीं पहुंचे राजस्व कर्मी
पश्चिमशरीरा के बहुआ का पूरा (बरैसा) गांव में रविवार को हुई आगजनी से छह परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। जिसकी सूचना गांव के लोगों ने पुलिस के साथ राजस्व अफसरों और कर्मियों को दी। पुलिस को मौके पर पहुंची पर कोई भी राजस्व कर्मी गांव नहीं पहुंच सका। जिसे लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
अब कैसे होगी सोनी की सगाई
बहुआ का पूरा बरैसा गांव निवासी जगदेव की बेटी सोनी की 25 अक्तूबर को सगाई होनी थी। जगदेव ने रिश्तेदारों की आव भगत के साथ सगाई की तैयारी पूरी कर ली थी। रविवार को हुई अगलगी की घटना में जगदेव के घर में रखी तीस हजार नगदी के साथ गहने, कपडे़ के साथ सारी गृहस्थी स्वाहा हो गई। हादसे के बाद पीड़ित परिवार अब बेटी की सगाई कैसे करेगा।