रविवार की रात तीन परिवारों के लिए आग आफत बन गई। समदा, मरदानपुरबर्जी और मीरापुर गांव में आग लगने से तीन मकान धू-धूकर जल गए। आग की चपेट में आने से तीनों परिवारों का करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है। दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह लोग आग पर काबू पा सके।
कोखराज थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी मोहिद पुत्र मुन्ने के बेटी का निकाह फरवरी माह में होना है। वह बेटी के निकाह की तैयारी कर रहा था। रविवार की रात वह परिवार के साथ दूसरे मकान में सो रहा था। आधी रात संदिग्ध दशा में घर के भीतर से धुएं का गुबार और लपटें देख अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग आग बुझाने का प्रयास करते घर में रखा सामान जलकर स्वाहा हो गया।
इसी तरह समदा गांव निवासी मोहम्मद आफताब के घर रात अचानक आग लग गई। इससे उसकी छह बकरियां जिंदा जल मरी। वहीं घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। इसी तरह सैनी के मरदानपुरबर्जी गांव निवासी मोहित खां का भी आशियाना आग की भेंट चढ़ गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह लोग आग पर काबू पा सके। आगजनी से पीड़ित परिवार के लोगों का करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।