सिराथू। पारिवारिक कलह से आजिज आए सराय (सैनी) गांव के वृद्ध नसीर अहमद ने शनिवार की सुबह सिराथू स्टेशन के समीप ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह खौफनाक मंजर देख आसपास रहे लोगों की रूह कांप गई। चीख-पुकार पर जीआरपी चौकी सिराथू की पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घरवालों के मुताबिक वृद्ध की दिमागी हालत ठीक नहीं थी, इसी से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार की सुबह से एक वृद्ध सिराथू स्टेशन के आसपास घंटों से घूम रहा था। इसी दौरान ब्रह्मपुत्र मेल आकर सिराथू स्टेशन पर रुकी थी। लोग बताते हैं कि ट्रेन आने पर वह उसके इंजन के समीप आकर खड़ा हो गया। जैसे ही ट्रेन चली, उसने अचानक ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन के सामने कूदने से उसके चीथड़े उड़ गए। उधर, वृद्ध के ट्रेन के सामने कूदते देख आसपास मौजूद रहे लोग चीखते-चिल्लाते दौड़े। हालांकि तब तक देर हो चुकी थी। चीख-पुकार मचने पर जीआरपी सिराथू के सिपाही भी मौके पर आ गए।
सिपाहियों ने ट्रैक से शव बाहर निकाला, तो मृतक की पहचान सराय गांव निवासी नसीर अहमद (65) पुत्र नब्बू के रूप में हुई। शिनाख्त होने पर घटना की जानकारी उसके घरवालों को दी गई। हादसे की खबर पर परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर आए। घरवालों ने बताया कि वृद्ध की दिमागी हालत काफी दिनों से ठीक नहीं रहती थी। घरवालों का मानना है कि इसी दिमागी हालत के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। सराय गांव के लोगों में चर्चा है कि घरेलू कलह से आजिज आकर वृद्ध ने खुदकुशी की है। मामले में जीआरपी चौकी के प्रभारी राजकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।