कोखराज के कशिया पूर्व के एक मजदूर की बिजली के बिल ने जान ले ली। 56 हजार का बिल देखकर ठेकेदार के गुर्गे ने जमा न करने पर जेल भिजवाने की धमकी दी तो उसको सदमा आया और उसने दम तोड़ दिया। मजदूर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मजदूर की पत्नी शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रही है। कोखराज पुलिस ने मौत की सूचना से इंकार किया है।
कशिया पूर्व निवासी अजय आनन्द (28) के पिता अशोक कुमार के नाम से अन्त्योदय कार्ड बना था। गरीबी रेखा का उन्होंने विद्युत कनेक्शन लिया था। अजय के पिता की मौत हो चुकी थी। वह उसी कनेक्शन पर बिजली का इस्तेमाल कर रहा था। हाल ही में अजय आनन्द को बिजली विभाग के एक ठेकेदार ने 56 हजार 141 रुपये का बिल थमा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि बिल नहीं जमा किया तो जेल जाना पड़ेगा। इससे वह तनाव में रहता था। मंगलवार शाम करीब चार बजे ठेकेदार का एक गुर्गा उससे दुबारा मिला और चेतावनी दी कि बिल नहीं जमा किया। जल्द ही उसको जेल की हवा खानी पड़ेगी। इससे वह बेचैन हो गया। शाम को वह घर में बैठा था। इसी दौरान उसके सीने में दर्द हुआ और उसकी सांसें थम गईं।
मृतक की पत्नी सविता का आरोप है कि बिजली बिल लेकर आए ठेकेदार के गुर्गों ने दबाव बनाकर उसके पति को परेशान किया था। इससे मौत हुई है। मजदूर की मौत से घर में हाहाकार मचा है। मजदूर के दो बेटे हैं। एक लड़का आठ माह का है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सविता पति के शव का पोस्टमार्टम कराना चाहती है। एक्सईएन विद्युत प्रभाकर पांडेय का कहना है कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है। यदि जबरन दबाव देकर बिल जमा कराने की बात जांच में सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी।