करारी/म्योहर। करारी कोतवाली क्षेत्र के अरका महावीरपुर गांव में मंगलवार शाम दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने एक विवाहिता की हत्या कर दी। इसके बाद उसका शव फांसी के फंदे से लटका दिया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
फतेहपुर जिले के खागा थाना स्थित सावंतमऊ गांव निवासी गोकुल प्रसाद ने बताया कि उसने अपनी बेटी शीलू (23) का विवाह करीब दो साल पहले अरका महावीरपुर निवासी सुनील से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराली विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित की मानें तो मंगलवार शाम ससुरालीजनों ने पीट-पीटकर उसकी बेटी को मार डाला। हत्या को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव फांसी के फंदे से लटका दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके वाले रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी पति सुनील, सास बुद्धी, नंद गुंजन व रंजन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट लिख ली गई है। मामले में करारी एसओ राजेश सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।