मंझनपुर। हाईवे पर इमामगंज के समीप रविवार की दोपहर तेज रफ्तार डीसीएम ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली से भिड़ गई। इसमें राजकोट (गुजरात) के रहने वाले डीसीएम चालक राजन भाई राठौर (40) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने हादसे की जानकारी फोन से मृतक के परिजनों को दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुजरात के राजकोट का रहने वाला राजन भाई राठौर (40) पुत्र देवाभाई राठौर डीसीएम चालक था। वह बिजली के घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रिक सामान लादकर रविवार को राजकोट से इलाहाबाद जा रहा था। इस दौरान जैसे ही उसका ट्रक कोखराज के इमामगंज तिराहे के समीप पहुंचा। अचानक राजन नियंत्रण खो बैठा और उसका ट्रर्क इंट लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गया। जोरदार टक्कर होने से डीसीएम की स्टेयरिंग चालक के पेट में धंस गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद रहे लोग भागकर घटनास्थल पर पहुंचे।
उधर, लोगों को आते देख ट्रैक्टर चालक और मजदूर ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। डीसीएम चालक के शव को बाहर निकालते हुए हादसे की जानकारी फोन से मृतक के परिजनों को दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ ने बताया कि उसके ड्राइविंग लाइसेंस पर लिखे पते के आधार पर घरवालों को हादसे की खबर दे दी गई है।