सरायअकिल थाना क्षेत्र के मोहम्दाबाद गांव में सोमवार को दबंगों ने पड़ोसी के घर जमकर तांडव किया। कुनबे को पीटने के बाद आरोपी घर में रखी नगदी के साथ गहने, खाद्यान्न आदि लूट ले गए। दूसरे दिन थाने पहुंचे पीड़ित ने घटना की नामजद शिकायत पुलिस से की। पीड़ित से तहरीर लेकर पुलिस ने घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के मोहम्दाबाद गांव निवासी छोटे पुत्र सहादेव का पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा है। इसी अदावत में सोमवार की शाम दबंगों ने घर पर हमला बोल दिया। घर में घुसे तोड़फोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने कुनबे को बेरहमी से पीटने के बाद घर में रखे सोने-चांदी के गहने, बर्तन, खाद्यान्न आदि के साथ 15 हजार नगदी लूट ले गए।
पड़ोसी के घर तांडव देख गांव के अन्य लोग घटना स्थल की ओर दौड़े । ग्रामीणों को देख हमलावर मौके से भाग निकले। दूसरे दिन पीड़ित शिकायत लेकर थाने पहुंचा। पीड़ित छोटे से तहरीर लेकर पुलिस ने घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। कोखराज कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मुकदमे बाजी चल रही है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।