सब्जी लेने बाजार जा रही एक महिला को शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी दबंगों ने बेरहमी से पीटा। चीखने-चिल्लाने पर क्रूरता दिखाते हुए उसके मासूम बेटे को उठाकर पटक दिया। जिससे उसका हाथ टूट गया। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट लिखकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मनौरी गांव का गोविंद कुमार मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता है। पड़ोसी दबंगों से उसकी पुरानी रंजिश है। झगड़े से बचने की खातिर काफी दिनों से वह गोहमलवापर में रहता है। गोविंद की मानें तो शनिवार को वह मजदूरी करने गया था। शाम को उसकी पत्नी माला चार वर्षीय बेटे के साथ सब्जी लेने बाजार जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में दबंगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी।
मां को पिटता देख बच्चा चीखने-चिल्लाने लगा तो हमलावरों ने उसे उठाकर पटक दिया। जिससे उसका हाथ टूट गया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट लिखकर घायल मां-बेटे को मेडिकल के लिए भेज दिया है। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर बलराम का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।