सैनी के भडे़हरी गांव में ब्याही नवविवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज न मिलने पर पीटकर घर से भगा दिया। डेढ़ महीने पहले युवती की शादी हुई थी। मंगलवार को मंझनपुर पहुंच पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पइंसा के जवई पंड़ीरी गांव की सुमन देवी की शादी 16 अप्रैल को सैनी के भड़ेहरी गांव में कमलेश से हुई थी। नवविवाहिता ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग कम दहेज मिलने का ताना देकर उसे प्रताड़ित करने लगे। कई दिनों तक उसे बंद कमरे में भूखा-प्यासा रखा गया। पिता बुलाने पहुंचा तो युवती ने आपबीती बताई। नववाहिता के पिता ने विरोध किया तो ससुराल वालों ने विदा करने से इंकार कर दिया।
दो जून को ससुराल वालों ने सारी हदें पार करते हुए नवविवाहिता को बेरहमी से पीटने के बाद घर से निकाल दिया। मायके पहुंची युवती ने आपबीती परिजनों को बताई तो लोग सन्न रह गए। दोनों परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई पर कोई बात नहीं बन सकी। मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।