कौशाम्बी क्षेत्र के मोहद्दीनपुर और जाठी गांव के बीच मंगलवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने कोचिंग संचालक को लूट लिया। पैसे और मोबाइल छीनने वाले बदमाशों ने इसका विरोध करने पर उनकी पिटाई की। भुक्तभोगी की तहरीर पर कौशाम्बी पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के गोपाल मिश्र का पुरा गांव निवासी लवलेश पांडेय का सरायअकिल में कोचिंग सेंटर है। मंगलवार की रात करीब नौ बजे वह कोचिंग सेंटर बंद करके बाइक से अपने एक सहयोगी संगम कुमार के साथ घर लौट रहा थे। मोहद्दीनपुर-जाठी गांव के बीच पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद नकाबपोश तीन युवकों ने रास्ते में खड़े होकर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कोचिंग संचालक से 9 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। लूटपाट का विरोध करने पर लवलेश और उनके साथ संगम की युवकों ने पिटाई की। लूट की इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। रात में सरेराह हुई लूट की जानकारी होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। लूट का शिकार हुए कोचिंग संचालक ने घर पहुंचकर भाई के मोबाइल से घटना की जानकारी पुलिस को दी। बुधवार की सुबह थाने पहुंचकर उन्होंने तहरीर दी है। तहरीर लेकर पुलिस ने बदमाशों की तलाश और घटना की तहकीकात शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि घटना स्थानीय उचक्कों की करतूत है। पता लगाने की कोशिश की जा रही है।