पिपरी क्षेत्र के असरावलपुर यमुना घाट पर बालू माफियाओं और मजदूरों के बीच
भिड़त हो गई। इस दौरान यमुना घाट गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। सूचना
पर सीओ कई थाने की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख दोनों पक्ष
फरार हो गए।
पिपरी के असरावलपुर यमुना घाट पर इन दिनाें बड़े स्तर पर
बालू निकाली जा रही है। बताते हैं कि सोमवार की रात लोडिंग को लेकर मजदूरों
और स्थानीय बालू माफियाओं के बीच कहासुनी हो गई। इस पर मजदूरों ने बालू
माफिया और उसके गुर्गो पर ईंट-पत्थर चलाकर खदेड़ दिया। इस पर बालू माफिया
ने साथ मौजूद असलहाधारियों ने हवाई फायरिंग शुरू करा दी। यमुना घाट पर रात
तकरीबन साढे़ 8 बजे गोली चलने से हड़कंप मच गया।
लोग अपनी जान बचाने के लिए
इधर-उधर छिपने लगे। जानकारी सीओ चायल राम भवन यादव को हुई तो वे फोर्स के
साथ घाट पर पहुंचे। पुलिस की गाड़ियों के सायरन सुनकर दोनों पक्ष फरार हो
गए। समाचार भेजे जाने तक पुलिस बल के साथ सीओ मौके पर मौजूद थे। पुलिस के
सामने कोई नहीं आया। सीओ का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। घाट पर
किसी भी कीमत पर मनमानी नहीं होने दी जाएगी।