खेत में जानवरों के चले जाने पर हुई कहासुनी के दौरान उजिहिनी गांव के एक अधेड़ को पड़ोसी ने पीटकर अधमरा कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उजिहिनी गांव निवासी रेहान अहमद किसान है। सोमवार दोपहर पड़ोसी के जानवर गेहूं के खेत में चर रहे थे। उसने जानवरों को खेत से भगाया। इसके बाद वह उलाहना देने पड़ोसी के घर चला गया। जहां पड़ोसी से उसका झगड़ा हो गया।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान पड़ोसी और उसके घरवालों ने रेहान की पिटाई शुरू कर दी। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर अस्पताल गए। इलाज कराने के साथ ही घटना की जानकारी पुरामुफ्ती थाने में दी गई। भुक्तभोगी की तहरीर पर पुलिस तीन हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि खेत में जानवर चले जाने के विवाद में मारपीट की घटना हुई है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।