चरवा इलाके में शनिवार की दोपहर मवेशियों के लिए चारा काटने गई किशोरी के साथ युवकों ने गैंगरेप का प्रयास किया। दरिंदों के चंगुल में फंसी किशोरी चीखने-चिल्लाने लगी। शोर मचाने पर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई।
देर शाम चौकी पहुंचे पिता ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। युवकों के खिलाफ छेड़खानी और धमकी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। चरवा थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी शनिवार की दोपहर मवेशियों के लिए चारा लेने खेत गई थी। बताया कि लौटते समय सूनसान जगह पर पहले से घात लगाकर बैठे गांव के दो युवक उसे दबोच कर खेत की ओर घसीटने लगे। युवकों की हैवानियत देख आबरू बचाते हुए वह चीखने-चिल्लाने लगी। शोर मचाने पर आस-पास खेतोें में मौजूद लोग घटना स्थल की ओर दौड़े।
ग्रामीणों को देख युवक कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। युवकों के चंगुल से छूटी किशोरी रोते हुए घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। पड़ोसी युवकों की करतूत सुन घर वाले उलहना देने गए तो उन्हें धमकी देते हुए दौड़ा लिया गया।