हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिरने से शुक्रवार को सिराथू के त्रिलोकपुर गांव में होमगार्ड संदीप कुमार की मौत हो गवहीं तीन घरों में आग लग गई। कई घरों की वायरिंग, उपकरण फुंक गए। घटना से घंटों पूरे गांव में हड़कंप मचा रहा। हादसे के लिए लोग बिजली विभाग की लापरवाही को कसूरवार मान रहे हैं। गांव पहुंचे एसडीएम सिराथू ने घटना की जांच कराने और पीड़ित परिवार को मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
सिराथू तहसील के त्रिलोकपुर गांव में बिजली आपूर्ति के लिए प्राथमिक स्कूल के पास ट्रांसफारर्मर लगा है। इसी ट्रांसफार्मर के ऊपर से बिजली की हाईटेंशन लाइन भी खींची गई है। बताया जाता है कि शुक्रवार को अपरान्ह तकरीबन 2.30 बजे ट्रांसफारर्मर के समीप एचटी लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे पूरे गांव में हाई वोल्टेज करंट सप्लाई होने लगा। हाईवोल्टेज बिजली के कारण लोगों के घरों की वायरिंग समेत अन्य उपकरण सुलगने लगे।
वायरिंग और टीवी सुलगती देख गांव निवासी होमगार्ड संदीप कुमार पुत्र जयकरन शर्मा स्विच बोर्ड से टीवी का प्लग निकालने लगा। इस दौरान वह खुद भी करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीखें सुनकर घरवाले दौड़े। हालांकि जब तक परिजन कुछ कर पाते, उसकी सांसें थम चुकी थी। गांव के बोधी, भैयालाल, हरिश्चंद्र, अमृतलाल आदि के घरों में आग लग गई। यह देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जान बचाकर गांववाले बाहर को भागे। साथ ही घटना की जानकारी उपकेंद्र को दी। आपूर्ति बंद कराकर गांववालों ने पूरे गांव को जलने से बचा लिया।
एसडीएम सिराथू लालजी मिश्र गांव पहुंचे। उन्होंने घटना की जांच कराने और पीड़ित परिवार को मदद उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया है। गांववालों का कहना है कि गांव-गांव सप्लाई के लिए खींची गई एलटी और एचटी लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। इन्हें शिकायतों के बाद भी बदला नहीं जा रहा है। इसी कारण से आए दिन इस तरह के जानलेवा हादसे हो रहे हैं। मामले में एसडीएम लालजी मिश्र ने बताया कि हादसे की जांच कराई जाएगी। जांच से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।