चायल (कौशाम्बी)। चरवा थाना क्षेत्र के बलीपुर टाटा गांव के प्रधान के भतीजे की बृहस्पतिवार की रात संदिग्धदशा में मौत हो गई। सुबह उसकी लाश पशुशाला में फंदे से लटकती मिली। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
चरवा थाना क्षेत्र के बलीपुर टाटा गांव निवासी शिवसरन ग्राम प्रधान हैं। उनका भतीजा जगदंबा (22) पुत्र देवशरन एक युवती से मोहब्बत करता था। वह इसी युवती से शादी भी करना चाहता था, लेकिन परिवार के लोगों को इससे एतराज था। इसे लेकर आए दिन घरवालों से उसकी कहासुनी भी होती रहती था। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार की रात भी इसी मुद्दे पर घरवालों से उसकी तीखी बहस हो गई थी।
सुबह उसकी लाश पशुशाला में फंदे से लटकती मिली। माना जा रहा है कि घरवालों की डांट-फटकार से क्षुब्ध होकर उसे मौत को गला लगा लिया। सुबह परिवार के लोग जब जानवरों को चारा देने गए, तो धन्नी से युवक की लाश लटकती देख उनके होश उड़ गए। चीख-पुकार पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्रामीण भी जुट गए। सूचना पर आई पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।