त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में एक सीट से पार्टी के कई लोगों के मैदान में उतरने का दुष्प्रभाव मतदान के दिन देखने को मिला। सपा के लोग तो आपस में ही भिड़ गए। चायल ब्लाक के मोहिउद्दीनपुर बूथ पर समर्थकों के बीच हाथापाई भी हुई। वहीं, रतगहा बूथ पर सपा और बसपा नेताओं के समर्थक भी आमने-सामने हो गए थे।
बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत की कई सीटों पर एक ही पार्टी के कई-कई लोग मैदान में उतरे हैं। इसे लेकर लगभग सभी दलों में गुटबाजी हो गई है। सपा नेताओं के बीच की अंतर्कलह तो सोमवार को मतदान के दौरान सामने भी आ गई। चायल ब्लाक के मोहिउद्दीनपुर बूथ पर मतदान के दौरान सपा के दो नेताओं के समर्थकों में फर्जी वोटिंग को लेकर हाथापाई हो गई।
जानकारी होने पर वहां पहुंचे दोनों नेता भी एक-दूसरे से भिड़ गए। कहासुनी के दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने समझा बुझाकर किसी तरह मामला शंात कराया। एक ही पार्टी के नेताओं के बीच भिड़ंत कई और भी बूथों पर हुई है। इसी तरह से चायल ब्लाक के ही रतगहा बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर सपा और बसपा के दो स्थानीय दिग्गज नेताओं के समर्थकों के बीच भी हाथापाई हुई। मौके पर रहे सुरक्षा कर्मियों ने लाठी पटककर दोनों पक्षों के लोगों को खदेड़ा। इस बीच करीब 20 मिनट तक मतदान भी प्रभावित हुआ।