सदर ब्लाक के हिसामपुर गांव में तालाब पर कब्जे को लेकर तनातनी है। बुधवार सुबह कब्जेदार और गांव के लोग आमने सामने आ गए। स्थिति बिगड़ने से पहले ही प्रधान ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया। ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी और थानाध्यक्ष से शिकायत कर दी है। हिसामपुर ग्राम प्रधान कज्जन ने बताया कि गांव में तालाबी नंबर की बेशकीमती भूमि खाली पड़ी है। इस पर गांव में ही रहने वाले कुछ दबंग लोग कब्जा करके निर्माण कराने की कोशिश कर रहे हैं। इसे लेकर गांव के लोगों में गुस्सा है।
प्रधान की मानें तो बुधवार सुबह कब्जेदार पक्ष के लोग जेसीबी से तालाब में मिट्टी डाल रहे थे। इसकी जानकारी होते ही गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। बात बिगड़ती इससे पहले ही मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत करा दिया। इस बीच जानकारी पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। प्रधान ने बताया कि अवैध कब्जे की शिकायत जिलाधिकारी और एसओ से कर दी गई है। करारी थानाध्यक्ष राकेश यादव का कहना है कि निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। जांच के बाद ही किसी को निर्माण कराने दिया जाएगा। इससे पहले किसी ने निर्माण की कोशिश की तो कार्रवाई की जाएगी।