कोतवाली इलाके में सोमवार दोपहर छोटे भाई के साथ खेत में गई युवती को बहाने से बुला दरिंदों ने बंधक बना उसकी अस्मत लूट ली। युवती की चीख सुन आस-पास खेतों में मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक युवक को धर दबोचा जब कि दूसरा युवक मौका पाते ही भाग निकला। ग्रामीणों ने दरिंदे की जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता के साथ युवक को हिरासत में लेकर पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती सोमवार दोपहर अपने सात वर्षीय भाई के साथ खेत की ओर मवेशियों को चारा लेने के लिए गई थी। बताया कि पास स्थित एक गन्ना मिल में काम करने वाले दो युवकों ने बहाने से उसे कमरे पर बुलाया। इसके बाद कमरा बंद कर युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसकर दोनों ने उसकी आबरू लूट ली। उधर, बहन को खेत से गायब देख बालक घर पहुंचा और मां को जानकारी दी। दरिंदों के चंगुल में फंसी युवती की चीख सुन आस-पास मौजूद लोगों ने मिल को घेर लिया।
जब तक लोग कमरे से युवती को बाहर निकालते एक युवक मौका पाकर भाग निकला जब कि दूसरे युवक को ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पिटाई शुरू कर दी। दुराचार और ग्रामीणों के बवाल की सूचना मिलते ही सीओ सिटी मंझनपुर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और युवक और पीड़ित युवती को कोतवाली ले आए। पीड़िता की मां और युवती से पूछताछ करने के बाद पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। कोतवाली निरीक्षक रज्जन लाल त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल उन्हें अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो एफआईआर दर्ज कर दरिंदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।