करारी कस्बे के अंसारगंज मोहल्ला स्थित मंदिर के सामने मांस भूंजने को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान ही सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मोहल्ले के सभासद ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। करारी कस्बे के अंसारगंज मोहल्ले में शंकर भगवान का मंदिर है।
सभासद महताब अंसारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह मोहल्ले के ही कुछ लोग मंदिर के सामने मांस भूंज रहे थे। आसपास रहने वालों ने विरोध किया तो वह भड़क गए और अभद्रता करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी होने लगी। बात आगे बढ़ती इससे पहले ही मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई। पुलिस को देखते ही मांस भूंजने वाले युवक मौके से फरार हो गए। नशे में धुत होकर पुलिस के सामने भी अभद्रता कर रहे बच्चा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसओ ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया गया है। सभासद की तहरीर पर जांच की जा रही है