सैनी कोतवाली क्षेत्र के गंगा के तराई के एक गांव में खाप पंचायत द्वारा गर्भवती युवती का गर्भपात कराने के ममाले में बृहस्पतिवार को नया मोड़ आ गया। पुलिस के सामने आई पीड़िता घटना के पीछे छिपे रहस्य की परत-दर-परत खोल दिया। खाप पंचायत की हकीकत सामने आने के बाद पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता की तहरीर पर दुराचारी समेत खाप पंचायत में बैठे अन्य दबंगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से खाप पंचायत में तुगलकी फरमान जारी करने वालों की नींद हराम हो गई है।
बता देें के सैनी कोतवाली क्षेत्र के गंगा की तराई में बसे एक गांव में एक रईसदाजे के बेटे और गरीब परिवार की बेटी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। बताते हैं कि युवती के गर्भवती होने के बाद दगाबाज प्रेमी वादा खिलाफी करते हुए पीछे हट गया था। मामला खुलने के बाद खाप पंचायत ने आरोपी युवक के पक्ष में फैसला सुनाते हुए युवती के गर्भ में पल रहे बच्चे को खत्म करने का तुगलकी फरमान सुना दिया। खौफजदा पीड़िता सप्ताह भर खामोश रही। बृहस्पतिवार को पुलिस के सामने आई पीड़िता ने खाप पंचायत के तुगलकी फरमान कोबयां कर दिया। एएसपी ओपी पांडेय ने बताया कि घटना में जो भी दोषी होंगे, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।