सरायअकिल इलाके में बुुधवार सुबह पड़ोसी युवक ने विवाहिता को तमंचा सटा दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर युवक कही भी कुछ बोलने पर परिवार के खात्मे की धमकी देते हुए भाग निकला। युवक के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। सूचना पर सीओ चायल एसओ सरायअकिल के साथ गांव पहुंचे। पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है।
सरायअकिल इलाके के एक गांव की युवती की शादी पुरामुफ्ती क्षेत्र में हुई थी। पांच साल से वह मायके में ही आशियाना बनाकर परिवार के साथ रहती है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे वह खेत की ओर गई थी। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठा गांव का एक युवक उसे अकेली देख दबोच कर अरहर के खेत में उठा ले गया। कनपटी पर तमंचा सटा जबरदस्ती का प्रयास करने लगा। अस्मत बचाने के लिए विवाहिता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर दरिंदा युवक कहीं भी शिकायत करने पर परिवार के खात्मे की धमकी देते हुए भाग निकला। दरिंदे के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई।
आनन-फानन में परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सीओ चायल आलोक मिश्र, एसओ सरायअकिल के साथ गांव पहुंचे। पीड़िता के परिजनों के साथ गांव के अन्य लोगों से घटना की बाबत पूछताछ करने के बाद युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। सीओ ने बताया कि विवाहिता के साथ युवक ने दुराचार का प्रयास किया था। घटना की तफ्तीश और फरार युवक की तलाश की जा रही है।