सैनी कोतवाली के मोहब्बतपुरजीता गांव में नवदंपती राजपाल और मंजू ने बृहस्पतिवार को सल्फास निगलकर जान दे दी। शाम को दोनों मंझनपुर के समदा के समीप नहर किनारे पड़े मिले थे। पुलिस ने नवदंपती के पास से सुसाइड नोट बरामद किया। दोनों ने खुद को ही अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए परिजनों को परेशान नहीं करने की बात लिखी है। पुलिस ने दंपती के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। नवदंपती की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीओ सिराथू को घटना की जांच करने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के मोहब्बतपुरजीता गांव निवासी राजपाल (25) पुत्र मेड़ई लाल की शादी तीन महीने पहले कोखराज के डाक मलाका चाकवन गांव की मंजू देवी (22) से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से दोनों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया। हालांकि कुछ दिन अलग रहने के बाद फिर दोनों एक साथ रहने को राजी हो गए। चर्चाओं पर यकीं करें तो कलह से जूझ रहे दंपती ने बृहस्पतिवार को आपा खो दिया। राजपाल के पिता मेड़ई ने बताया कि राजपाल सुबह पत्नी मंजू को साथ लेकर ससुराल जाने के लिए घर से निकला था।
बताया जा रहा है कि मंझनपुर आने के बाद दोनों ने अलग-अलग स्टांप पेपर में सुसाइड नोट बनवाने के बाद सल्फास की टिकिया खरीदी। इसके बाद समदा कॉलोनी के समीप जाकर दोनों ने एक साथ सल्फास निगल लिया। शाम करीब साढे़ 6 बजे दंपती को सड़क किनारे बदहवास हालत में पड़ा देख राहगीरों ने घटना की जानकारी मंझनपुर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवदंपती को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि जीवन की कलह ने दोनों को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। मामले की जांच सीओ सिराथू से कराई जा रही है। यदि नवदंपती की मौत के पीछे कोई और दोषी मिलता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।