पिपरी इलाके में बुधवार शाम पड़ोसी युवक ने दलित किशोरी की आबरू लूट ली। दरिंदगी के बाद किशोरी को बदहवास हालत में छोड़कर युवक भाग निकला। होश में आने के बाद अस्त-व्यस्त कपड़ों में किशोरी रोते हुए घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी बुधवार शाम खेत की ओर गई थी। बताया कि अकेली देख पड़ोसी युवक पहुंचा और मुंह दबाकर उसे खेत में उठा ले गया। जब तक वह चीखने चिल्लाने की कोशिश करती हैवान बने युवक ने मुंह में कपड़ा ठूस दिया और उसकी अस्मत लूट ली। हवस मिटाने के बाद बदहवास हालत में छोड़ दरिंदा कहीं भी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।
युवक के जाने के बाद किसी तरह वह अस्त-व्यस्त कपड़ों में घर पहुंची। बेटी की हालत देख परिवार के लोग सन्न रह गए। परिजनों के पूछने पर रोते हुए पीड़िता ने आपबीती बताई। बृहस्पतिवार की सुबह परिजन पीड़ित किशोरी को लेकर पिपरी थाने पहुंचे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दरिंदे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसको मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। सीओ चायल आलोक मिश्र ने बताया कि पुलिस घटना की तफ्तीश और युवक की तलाश कर रही है।