फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्विस रिवाल्वर की तलाश में चप्पा-चप्पा छाना

Mon, 30 Mar 2015 12:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला कौशाम्बी
विज्ञापन
विज्ञापन
पश्चिमशरीरा/टेंवा। जजौली गांव में कथित साधु के अग्निस्नान के दौरान हुए बवाल में लूटी गई दरोगा की सर्विस रिवाल्वर की तलाश में पुलिस ने चप्पा-चप्पा छान डाला। खेत-खलिहान, तालाबों के साथ गांव के एक-एक घर की तलाशी ली गई। फिर भी रिवाल्वर और फरार साधु को 24 घंटे बाद भी पुलिस खोज नहीं सकी है। वहीं घटना के बाद से गांव में तनातनी बनी है।
विज्ञापन


बता दें कि वासंतिक नवरात्र की नवमी पर शनिवार को पश्चिमशरीरा के जजौली गांव के कथित साधु ने अग्निस्नान करने का ढोंग रचा था। अग्निकुंड तैयार करने की भनक लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की। इससे गुस्साए साधु के शिष्यों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। दरोगा नयन सिंह को पीटकर लहूलुहान करके उनकी सर्विस रिवाल्वर भी लूट ली गई थी। शनिवार की सुबह हुई घटना के बाद से पुलिस घटना के मुख्य आरोपी कथित साधु रामबाबू सरोज, उसके शिष्यों और लूटी गई सर्विस रिवाल्वर की तलाश में जुटी है। शनिवार को भी पुलिस ने तालाब, कुआं, खेत-खलिहान खंगाला। रात में भी पुलिस ने जजौली गांव में दबिश देकर घर-घर तलाशी कराई।

पुलिस ने जजौली के अलावा मखऊपुर, रहीमपुर आदि गांवों में भी दबिश दी। फिर भी पुलिस को फरार साधु और लूटी गई रिवाल्वर का पता नहीं चला। रविवार को भी दिनभर पुलिस का सर्च अभियान जारी रहा। इसके लिए घरों में दबिश के साथ ही पुलिस ने पंपिंग सेट लगाकर तालाब का पानी भी बाहर निकलवाना शुरू कर दिया है। सीओ पुर्णेंदु सिंह ने बताया कि नामजदों की तलाश के साथ लूटी गई सर्विस रिवाल्वर की तलाश में पुलिस गंभीरता से जुटी है। दावा किया कि जल्द ही साधु और रिवाल्वर दोनों मिल जाएंगे।
विज्ञापन


नवरात्र के आखिरी दिन कथित साधु के अग्निस्नान की कोशिश को लेकर हुए बवाल के बाद पश्चिमशरीरा का जजौली गांव छावनी में तब्दील हो गया है। घटना के दूसरे दिन भी गांव में पीएसी के अलावा पश्चिमशरीरा और करारी कोतवाली की पुलिस ने वहां डेरा रहा। बता दें कि शनिवार को अग्निस्नान रोकने पहुंचे दरोगा पर हुए हमले और सर्विस रिवाल्वर की लूट से पुलिस भन्नाई हुई है। पुलिस ने साधु समेत 25 नामजद और 200 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज करते हुए इनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं गिरफ्तारी के भय से गांव के ज्यादातर पुरुष घर छोड़कर फरार हैं। वहीं जो गांव से भागे नहीं थे, उन्हें पुलिस ने धरदबोचा है। रविवार को भी गांव में रिवाल्वर की तलाश में दी गई दबिश के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। पश्चिमशरीरा थाने में इन लोगों से पूछताछ में पुलिस जुटी है। उधर, पुलिस की धरपकड़ को लेकर गांववालों में गुस्सा भी है। पुलिस की कार्रवाई के भय से पुुरुषों के फरार होने से गांव में सिर्फ महिलाएं और बच्चे ही मौजूद हैं। वे भी सहमे हुए हैं।

जजौली गांव में साधु रामबाबू सरोज के कथित अग्निस्नान की कोशिश को नाकाम करने पहुंची पुलिस टीम पर हुए हमले में पुलिस ने शनिवार को 10 लोगों को धरदबोचा था। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए जजौली गांव संतलाल, राम दुलार, रामचंद्र, सत्तीलाल, उलाचूपुर कोखराज के रामसुख, कुम्हियावां गांव के राम खेलावन, शिवमोहन और चांदेराई गांव के सुरेश कुमार, समईलाल, रामलखन को जेल भेज दिया है। वहीं पुलिस अन्य नामजद साधु रामबाबू, मुरली, अमृतलाल, सुरेश कुमार, बैजनाथ, मनोज कुमार, करन, गिरधारीलाल, रामभरोस, फूलचंद्र, मूलचंद्र, विजय कुमार, निरंजन, शंकरलाल, राम खेलावन आदि की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें