पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि की रकम में गड़बड़ी सिराथू के दो पूर्व खंड विकास अधिकारियों को महंगी पड़ सकती है। दोनों बीडीओ पर परिहार्य व्यय और अधोमानक के निष्फल व्यय में इक्कीस लाख रुपये गड़बड़ी करने का आरोप है। शासन ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजकर साक्ष्यों सहित आरोप पत्र उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।
विकास खंड सिराथू में तैनात रहे खंड विकास अधिकारी कमलेश कुमार सिंह और छोटेलाल सोनकर पर आरोप है कि पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि (बीआरजीएफ) के तहत परिहार्य व्यय में 815और अधोमानक कार्य पर निष्फल व्यय के 1287 लाख रूपये का गोलमाल किया गया है। मामले की शासन से शिकायत की गई है। शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी से साक्ष्यों के साथ आरोपपत्र मांगा था। फिर भी शासन को अभिलेख अब तक मुहैया नहीं कराए जा सके हैं। जिले के अफसरों की इस मनमानी पर शासन ने नाराजगी जाहिर की है। शासन ने सीडीओ को दोबारा पत्र भेजकर साक्ष्यों सहित आरोप पत्र सप्ताह भर के भीतर मुहैया कराने का निर्देश दिया हैै। पत्र में कहा गया है कि प्राथमिकता के आधार पर साक्ष्य सहित आरोप पत्र उपलब्ध कराया जाए।